फाइनेंस बैंक के स्टाफ से लूटपाट में एक अपराध कर्मी गिरफ्तार, अन्य की तलाश

फाइनेंस बैंक के स्टाफ से लूटपाट में एक अपराध कर्मी गिरफ्तार, अन्य की तलाश

गड़हनी थाना क्षेत्र के रतनाढ़ गांव से गुरुवार की रात पकड़ा गया अपराधी 

अपराध कर्मी के पास से लूट के 56 सौ रुपए और एक मोबाइल बरामद 

गड़हनी थाना क्षेत्र के सुअरी फाल के पास 19 जून को हुई थी लूट 

केटी न्यूज/आरा

गड़हनी थाना क्षेत्र के सुअरी फाल के समीप फाइनेंस कर्मी से लूट में शामिल एक अपराधी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार लिया गया है। उसके पास से लूट के 56 सौ रुपए और एक मोबाइल बरामद किया गया है। गिरफ्तार लुटेरा रतनाढ़ गांव निवासी रामबाबू सिंह के पुत्र सुभाष कुमार है। उसे गुरुवार की रात उसके घर से गिरफ्तार किया गया। एसपी प्रमोद कुमार यादव की ओर से प्रेस बयान जारी कर यह जानकारी दी गई।

बताया कि बड़हरा थाना क्षेत्र के बखोरापुर गांव निवासी नागेंद्र सिंह आरा के करीरा स्थित उजीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में सीआरओ हैं। 19 जून की सुबह वह कंपनी के ईमआई की वसूली करने रतनाढ़ गांव निवासी विनोद सिंह के घर गये थे। ईमआई का एक लाख रुपए लेने के बाद वह बाइक से आरा लौट रहे थे। तभी रतनाढ़ से कुछ दूर आगे सुअरी फाल के समीप बाइक सवार तीन-चार अपराधियों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक दिया।

उसके बाद अपराधियों ने हथियार के बल पर पैसे और मोबाइल लूट लिया। उसके बाद अपराधियों की गिरफ्तारी और पैसे की बरामदगी को लेकर गड़हनी थानाध्यक्ष रणवीर कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गयी। टीम की ओर से तकनीकी सूत्र और लोकल इनपुट के आधार पर अपराधियों की पहचान की गयी। उसके बाद गुरुवार रात रतनाढ़ गांव में छापेमारी कर सुभाष कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

उसके पास से लूट के 56 सौ रुपए और एक मोबाइल बरामद किया गया। लूट में शामिल अन्य अपराधियों की भी पहचान कर ली गयी है। गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छापेमारी टीम में दारोगा कुमार गौरव और डीआईयू के अफसर व जवान शामिल थे।