आरा में दोस्त के साथ बाइक पर जा रही युवती को बदमाशों ने मारी गोली

आरा में दोस्त के साथ बाइक पर जा रही युवती को बदमाशों ने मारी गोली

- युवक ने लगाया आरोप, कहा- बीच रास्ते में घेर बदमाशों ने रोकी बाइक और मार दी गोली 

- घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं, मामले की जांच कर रही पुलिस

केटी न्यूज/आरा

टाउन थाना क्षेत्र के शिवगंज इलाके में शनिवार सुबह बाइक सवार एक युवती को गोली मार दी गयी। गोली उसके पेट में लगी है, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। आरा सदर अस्पताल में इलाज के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया है। जख्म युवती गड़हनी गांव निवासी तपेश्वर सिंह की 20 वर्षीया पुत्री कुम्पा कुमारी है। वह अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रही थी। तभी उसे बाइक सवार बदमाशों द्वारा उसे गोली मार दी गयी। उसके साथ रहा दोस्त अपने को गोला मोहल्ला निवासी नंदु बता रहा है। हालांकि गोली मारने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। वैसे पुलिस के अनुसार युवती के परिजनों की ओर से उसके दोस्त पर भी गोली मारे जाने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

 

वहीं, युवती के साथ रहे उसके दोस्त ने बताया कि शनिवार की सुबह वह अपनी दोस्त कुम्पा के साथ बाइक से शिवगंज इलाके से मठिया की ओर आ रहा था। तभी एक बाइक पर सवार तीन लड़कों ने शिवगंज इलाके में उसे रोक लिया। वह जैसे ही बाइक से उतरा, तभी उन लड़कों द्वारा फायरिंग कर दी। उसमें बाइक पर उसके साथ बैठी उसकी दोस्त कुम्पा कुमारी को गोली लग गयी। उसके बाद उसके द्वारा उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। इधर, एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि गहराई से घटना की जांच की जा रही है। एसपी के अनुसार लड़की के घर वालों द्वारा बताया जा रहा है कि साथ रहे लड़के से उसने प्रेम विवाह किया है। उसी लड़के ने गोली मारी है। लड़की के घर वाले लड़के से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उस लड़के का मोबाइल स्विच ऑफ है। इस कारण मामला थोड़ा संदिग्ध लग रहा है।