जमीन को लेकर उठे विवाद में घर में घुस मासूम बच्ची की गोली मार हत्या

जमीन को लेकर उठे विवाद में घर में घुस मासूम बच्ची की गोली मार हत्या

- पीड़ितों ने रिश्तेदारों पर किराये के शूटरों के द्वारा हत्या कराने का लगाया आरोप

- मामले की छानबीन में जुटी पुलिस, एसपी के निर्देश पर जांच को पहुंची एफएसएल टीम

- मौका-ए-वारदात पर नहीं मिले खून के धब्बे, हत्या पर सस्पेंस 

केटी न्यूज/आरा

जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के भेलाई गांव में शुक्रवार की रात गोली मार एक बच्ची की हत्या कर दी गयी।अपराधियों द्वारा जमीन के विवाद में घर में घुस बच्ची को गोली मार दी गयी। गोली उसके कंधे के पास लगी थी। अपराधियों की संख्या चार बतायी जा रही है। मृत बच्ची भेलाई गांव निवासी कृष्णा कुमार सिंह की आठ वर्षीया पुत्री आराध्या कुमारी थी। वह पहली कक्षा की छात्रा थी। कृष्णा सिंह मूल रूप से रोहतास के दिनारा के रहने वाले बताये जा रहे हैं। उनकी वहां पर पुश्तैनी जमीन है।

दिनारा में उनकी पॉल्ट्री फॉर्म हैं। हत्या के पीछे दिनारा की पुश्तैनी जमीन का विवाद ही बताया जा रहा है। कृष्णा सिंह द्वारा अपने ममेरे भाइयों पर किराये के शूटरों के जरिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। हत्या की सूचना मिलने पर ट्रेनी डीएसपी सह उदवंतनगर थानाध्यक्ष काजल कुमारी के साथ एएसपी हिमांशु मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से छानबीन की। परिजनों से भी पूरी घटना की जानकारी ली। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। 

हालांकि घटनास्थल से खून के धब्बे नहीं मिलने और सीसीटीवी कैमरे बंद रहने के कारण से पुलिस सस्पेंस जता रही है। एएसी के नेतृत्व में पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। वैज्ञानिक तरीके से भी तफ्तीश की जा रही है। उसे लेकर फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी बुलायी गयी है। टीम द्वारा घटनास्थल की बारिकी से जांच की गयी। घटनास्थल से कुछ साक्ष्य भी एकत्रित किया गया है। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया घटना की छानबीन की जा रही है। असली अभियुक्तों का पता लगाने के लिए हर बिंदु पर जांच की जा रही है। उसके लिए वैज्ञानिक जांच भी की जा रही है। 

बंद था सीसीटीवी कैमरा, पुलिस ने किया ठीक तो हुआ चालू 

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ितों के अनुसार घटना शुक्रवार की शाम करीब साढ़े आठ बजे की बतायी जा रही है। गोली लगने के बाद बच्ची को परिजन किसी प्राइवेट हॉस्पिटल ले गये। पुलिस को सूचना देने की बात कहने पर लोग बच्ची को घर लेकर चले गए। देर रात बच्ची को सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। एसपी के अनुसार घर में कहीं पर भी खून के निशान नहीं मिले हैं। घर में सीसीटीवी कैमरा भी है, लेकिन बंद पड़ा था। जिसे जवानों ने ठीक कर चालू किया। जिससे मामला थोड़ा संदिग्ध लग रहा है। एएसपी के नेतृत्व में अनुसंधान किया जा रहा है। एफएसएल की टीम को भी बुला लिया गया है।