कोरानसराय में पुलिस का एक्शन: देसी शराब के साथ तस्कर दबोचा, नशेड़ी भी गया जेल
कोरानसराय थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार और नशाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
केटी न्यूज/डुमरांव
कोरानसराय थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार और नशाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को खबर मिली थी कि क्षेत्र में एक युवक देसी चुलाई शराब की खेप लेकर सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार युवक की पहचान नोनिया डेरा निवासी उपेंद्र कुमार (20 वर्ष), पिता बिंद चौधरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से शराब ढुलाई में इस्तेमाल हो रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। वहीं इसी अभियान के दौरान शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान मठिला निवासी बीरेंद्र कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय रामाशंकर सिंह के रूप में हुई है।दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में शराब तस्करी और सेवन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

