पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज: रिजर्वेशन पोर्टल पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नावानगर बीडीओ से जवाब-तलब

पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में रिजर्वेशन मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर प्रपत्र-01 की प्रविष्टि की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत चुनाव से जुड़ी तैयारियों की बारीकी से पड़ताल की गई और अधिकारियों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित कार्य निष्पादन का सख्त निर्देश दिया गया।

पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज: रिजर्वेशन पोर्टल पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नावानगर बीडीओ से जवाब-तलब

केटी न्यूज/बक्सर

पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में रिजर्वेशन मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर प्रपत्र-01 की प्रविष्टि की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत चुनाव से जुड़ी तैयारियों की बारीकी से पड़ताल की गई और अधिकारियों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित कार्य निष्पादन का सख्त निर्देश दिया गया।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पंचायत चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तथ्यात्मक होनी चाहिए, इसलिए पोर्टल पर डाले जा रहे प्रत्येक आंकड़े की शुद्धता सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

समीक्षा के दौरान नावानगर प्रखंड विकास पदाधिकारी का कार्य असंतोषजनक पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित बीडीओ से स्पष्टीकरण देने का निर्देश जारी किया। प्रशासनिक सख्ती के इस कदम से अन्य अधिकारियों में भी सतर्कता देखी गई।जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलंब प्रपत्र-01 की प्रविष्टि पूरी करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया समयबद्ध होती है, इसलिए छोटी चूक भी आगे बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।

बैठक में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अपर समाहर्ता बक्सर तथा जिला पंचायत राज पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की रणनीति बनाई।जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच प्रशासन की यह सख्ती साफ संकेत दे रही है कि इस बार हर चरण पर पैनी निगरानी रखी जाएगी। पोर्टल प्रविष्टि से लेकर आरक्षण निर्धारण तक किसी भी स्तर पर ढिलाई करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। पंचायत चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और समय पर कराने के लिए जिला प्रशासन ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है।