बक्सर में 27 अप्रैल को जॉब कैंप, 400 पदों पर होगा ऑन स्पॉट चयन

जिला नियोजनालय, बक्सर द्वारा आगामी 27 अप्रैल (सोमवार) को रोजगार शिविर सह जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि यह कैंप संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित जिला नियोजनालय परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित होगा। शिविर में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन किया जाएगा।

बक्सर में 27 अप्रैल को जॉब कैंप, 400 पदों पर होगा ऑन स्पॉट चयन

केटी न्यूज/बक्सर

जिला नियोजनालय, बक्सर द्वारा आगामी 27 अप्रैल  (सोमवार) को रोजगार शिविर सह जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि यह कैंप संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित जिला नियोजनालय परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित होगा। शिविर में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन किया जाएगा।पहली कंपनी मदरसन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कुल 200 पदों पर बहाली की जाएगी। इसमें गुणवत्ता विभाग, उत्पादन विभाग तथा भंडार विभाग के पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 12 हजार 726 रुपये से 15 हजार 210 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।

शैक्षणिक योग्यता दसवीं, बारहवीं, स्नातक तथा आईटीआई किसी भी ट्रेड में रखी गई है। कार्यस्थल नोएडा होगा। इस भर्ती में पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। अतिरिक्त समय कार्य करने पर दोहरा भुगतान भी दिया जाएगा।दूसरी कंपनी इनोवसोर्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (सब्रोस लिमिटेड) द्वारा भी 200 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसमें एसी निर्माण कार्य के लिए बहाली होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 13 हजार 761 रुपये से 15 हजार 759 रुपये तक वेतन मिलेगा। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष रखी गई है। शैक्षणिक योग्यता दसवीं, बारहवीं, स्नातक, आईटीआई तथा डिप्लोमा निर्धारित है। इस कंपनी में केवल पुरुष अभ्यर्थी ही भाग ले सकेंगे। कंपनी की ओर से एक समय भोजन, नाश्ता, चाय, बस सुविधा, ड्रेस, जूते सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि जॉब कैंप में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जो युवक अब तक निबंधन नहीं करा सके हैं, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। शिविर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा, आधार कार्ड एवं आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ निर्धारित तिथि को उपस्थित हो सकते हैं। नियुक्ति की सभी शर्तों के लिए संबंधित नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे। नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता के रूप में रहेगी। जिला प्रशासन ने बेरोजगार युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।