ग्राम कचहरी को डिजिटल बनाने की पहल, राजपुर में सचिवों व न्याय मित्रों को दिया गया प्रशिक्षण
ग्राम कचहरी की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में राजपुर प्रखंड में महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रखंड सभा कक्ष में बीपीआरओ अभिषेक पाठक की अध्यक्षता में न्याय मित्रों और ग्राम कचहरी सचिवों के साथ समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम कचहरी के संचालन, मामलों के निपटारे और डिजिटल प्रणाली के उपयोग को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
केटी न्यूज/राजपुर
ग्राम कचहरी की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में राजपुर प्रखंड में महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रखंड सभा कक्ष में बीपीआरओ अभिषेक पाठक की अध्यक्षता में न्याय मित्रों और ग्राम कचहरी सचिवों के साथ समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम कचहरी के संचालन, मामलों के निपटारे और डिजिटल प्रणाली के उपयोग को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।बैठक में बीपीआरओ अभिषेक पाठक ने कहा कि सरकार के निर्देश के अनुसार ग्राम कचहरी की सक्रियता बढ़ाने के लिए न्याय मित्र और सचिवों की नियमित उपस्थिति आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि सप्ताह में कम से कम दो दिन ग्राम कचहरी में रहकर मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना अनिवार्य होगा, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही न्याय मिल सके।कार्यक्रम के दौरान ई-ग्राम कचहरी पोर्टल के उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक हिमांशु कुमार और रामनारायण पाल ने टेलीकास्ट के माध्यम से बताया कि पोर्टल पर प्राप्त होने वाले मामलों के आवेदनों को किस प्रकार ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा और उन्हें सही तरीके से अपलोड करने की प्रक्रिया क्या होगी। उन्होंने यह भी बताया कि डिजिटल माध्यम से मामलों का रिकॉर्ड सुरक्षित और व्यवस्थित रखा जा सकेगा।

बीपीआरओ ने कहा कि ई-ग्राम कचहरी पोर्टल के इस्तेमाल से सभी मामलों का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा, जिससे कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया भी अधिक आसान और तेज हो सकेगी।प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित न्याय मित्रों और ग्राम कचहरी सचिवों ने पोर्टल के उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास भी किया और इससे संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।इस मौके पर प्रखंड क्षेत्र की सभी पंचायतों के ग्राम कचहरी सचिव एवं न्याय मित्र उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण से ग्राम कचहरी की व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा ग्रामीणों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया को गति मिलेगी।

