प्रशासन की मुस्तैदी में निकला छात्र मार्च, बाजारों पर नहीं पड़ा बिहार बंद का असर
नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को बक्सर में छात्र संगठनों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बिहार बंद के आह्वान के बावजूद शहर में जनजीवन सामान्य रहा। बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और यातायात पर बंद का खास असर नहीं दिखा।

केटी न्यूज/बक्सर :
नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को बक्सर में छात्र संगठनों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बिहार बंद के आह्वान के बावजूद शहर में जनजीवन सामान्य रहा। बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और यातायात पर बंद का खास असर नहीं दिखा। प्रशासन की सतर्कता के कारण पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।सुबह किला मैदान में छात्र-युवा एवं विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता जुटे, जहां से पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला गया। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ज्योति प्रकाश चौक पहुंचा।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक के विरोध में नारे लगाए और वीर कुंवर सिंह चौक पर कुछ देर सांकेतिक सड़क जाम कर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।सभा को संबोधित करते हुए डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई और जवाबदेही तय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। अन्य वक्ताओं ने भी परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रदर्शन के दौरान सदर एसडीएम अविनाश कुमार और सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में पुलिस बल प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात रहा। सभा के दौरान कुछ युवाओं द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, लेकिन छात्र नेताओं ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा। सूचना मिलने पर नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार भी मौके पर पहुंचे और हालात सामान्य बनाए रखा।कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रदर्शनकारियों ने किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान को जबरन बंद कराने का प्रयास नहीं किया, जिससे पूरे शहर में शांति और सामान्य गतिविधियां बनी रहीं।

