अचानक सड़क पर आए व्यक्ति को बचाने में दो वाहन टकराए, टोटो सवार घायल
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के धरहरा गांव के समीप पटना-बक्सर एनएच-922 पर सोमवार की सुबह सड़क पर अचानक आए एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में सरकारी वाहन और टोटो के बीच टक्कर हो गई। हादसे में टोटो पर सवार करीब 50 वर्षीय दिनेश खरवार घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

_ एनएच-922 पर धरहरा गांव के पास हुआ हादसा, घायल को डुमरांव _ अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया भर्ती
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के धरहरा गांव के समीप पटना-बक्सर एनएच-922 पर सोमवार की सुबह सड़क पर अचानक आए एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में सरकारी वाहन और टोटो के बीच टक्कर हो गई। हादसे में टोटो पर सवार करीब 50 वर्षीय दिनेश खरवार घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।बताया जाता है कि घटना के समय साइबर डीएसपी बक्सर समीर कुमार सिंह सरकारी वाहन से गुजर रहे थे। डीएसपी के अनुसार, उनकी गाड़ी के आगे एक ट्रक जा रहा था। इसी दौरान सड़क के किनारे से अचानक एक व्यक्ति वाहन के सामने आ गया। उसे बचाने के लिए सरकारी वाहन के चालक ने तत्काल गाड़ी को बाईं ओर मोड़ा। इसी क्रम में बगल से गुजर रहे टोटो से वाहन की टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद टोटो सवार दिनेश खरवार घायल हो गए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। इसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एनएच-922 पर सुबह के समय वाहनों की आवाजाही काफी रहती है। इसी दौरान अचानक सड़क पर व्यक्ति के आ जाने से चालक को वाहन मोड़ना पड़ा, जिसके कारण टक्कर हुई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में स्थिति सामान्य हो गई।पुलिस के स्तर से घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

