सोमवारी के स्नान ने छीन लिया घर का चिराग, 24 घंटे बाद सरोवर से मिला किशोर का शव

सोमवारी के पावन अवसर पर महरौरा शिव मंदिर के सरोवर में स्नान करने निकले एक किशोर की जिंदगी देखते ही देखते गहरे पानी में समा गई। उसका शव करीब 24 घंटे बाद मंगलवार की सुबह बरामद किया गया। हादसे की खबर मिलते ही सम्हार गांव में मातम पसर गया।

सोमवारी के स्नान ने छीन लिया घर का चिराग, 24 घंटे बाद सरोवर से मिला किशोर का शव

__ पिता की पहले ही हो चुकी है मौत, बेटे की डूबने से मौत के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; गांव में पसरा मातम

केटी न्यूज/डुमरांव।

सोमवारी के पावन अवसर पर महरौरा शिव मंदिर के सरोवर में स्नान करने निकले एक किशोर की जिंदगी देखते ही देखते गहरे पानी में समा गई। उसका शव करीब 24 घंटे बाद मंगलवार की सुबह बरामद किया गया। हादसे की खबर मिलते ही सम्हार गांव में मातम पसर गया। जिस परिवार ने पहले ही घर के मुखिया को खो दिया था, उसके लिए किशोर की मौत किसी दूसरे बड़े सदमे से कम नहीं है।मृतक की पहचान सम्हार गांव निवासी सूरज कुमार, पिता स्व. विनोद सिंह यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सूरज सोमवार की सुबह करीब नौ बजे सोमवारी के मौके पर शिव मंदिर स्थित सरोवर में स्नान करने पहुंचा था।

स्नान के दौरान वह सरोवर के गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की और देर तक सरोवर को खंगालते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।सूरज की तलाश में ग्रामीणों ने सोमवार को पूरे दिन प्रयास किया। परिजन भी किसी अनहोनी की आशंका में सरोवर के आसपास डटे रहे। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद सफलता नहीं मिली। करीब 24 घंटे बाद मंगलवार की सुबह सरोवर से सूरज का शव बरामद किया गया। शव बाहर निकलते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

___पहले पिता को खोया, अब बेटे की मौत ने तोड़ा परिवार

सूरज के पिता विनोद सिंह यादव का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत नहीं बताई जा रही है। उसका बड़ा भाई बाहर रहकर एक निजी कंपनी में काम करता है। ऐसे में परिवार के लिए सूरज की असमय मौत ने मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। जिस उम्र में परिवार को उसके भविष्य की उम्मीद थी, उसी उम्र में उसकी मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया।शव बरामद होने के बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर के बाद सम्हार गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर चेहरा इस असमय हुई मौत से गमगीन नजर आ रहा है।