सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार बाइक ने उछाला, पहचान अब तक नहीं
पटना–बक्सर एनएच-922 एक बार फिर रफ्तार के कहर का गवाह बना, जहां गुरुवार दोपहर सड़क पार कर रही एक महिला को तेज गति से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा बड़का ढकाइच गांव के पास हुआ, जिसने इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया।
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
पटना–बक्सर एनएच-922 एक बार फिर रफ्तार के कहर का गवाह बना, जहां गुरुवार दोपहर सड़क पार कर रही एक महिला को तेज गति से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा बड़का ढकाइच गांव के पास हुआ, जिसने इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला उत्तर से दक्षिण दिशा की ओर सड़क पार कर रही थी, तभी बक्सर की ओर जा रही बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला कई फीट दूर जा गिरी और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कुछ पल के लिए अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस बुलवाई और घायल महिला को तुरंत डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, बाइक सवार को भी हल्की चोटें आई हैं।सबसे चिंताजनक बात यह है कि खबर लिखे जाने तक घायल महिला की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस के सामने जांच की चुनौती और बढ़ गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर महिला की शिनाख्त में जुटी हुई है।गौरतलब है कि एनएच-922 पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। स्थानीय लोग यहां स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं, ताकि ऐसे हादसों पर लगाम लगाई जा सके।

