सेब की आड़ में 64 लाख की शराब तस्करी का खेल बेनकाब
बक्सर में शराब तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग को रविवार की देर शाम बड़ी सफलता हाथ लगी। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट स्थित ऊपरी गंगापुल पर उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को जांच के दौरान पकड़ा गया।

__ वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर डीसीएम ट्रक से 597 कार्टन में 5,301 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर में शराब तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग को रविवार की देर शाम बड़ी सफलता हाथ लगी। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट स्थित ऊपरी गंगापुल पर उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को जांच के दौरान पकड़ा गया। पहली नजर में ट्रक में सेब लदा हुआ दिखाई दे रहा था, लेकिन सघन तलाशी के दौरान सड़े-गले सेब के बोरों के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने ट्रक से कुल 597 कार्टन में 5,301 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 64 लाख रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान ट्रक पर सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने शराब की खेप के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। अभियुक्तों के अनुसार शराब की यह खेप चंडीगढ़ से पूर्णिया के लिए भेजी जा रही थी। हिमाचल प्रदेश से खेप चलने की बात भी पूछताछ के दौरान सामने आई है। हालांकि, उत्पाद विभाग अब शराब की वास्तविक सप्लाई चेन और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगा है।

__ ऊपर से सड़े सेब, नीचे शराब का जखीरा
उत्पाद विभाग के अनुसार, डीसीएम ट्रक को सामान्य मालवाहक वाहन की तरह दिखाने के लिए उसमें सेब के बोरे लादे गए थे। जांच के दौरान जब टीम को संदेह हुआ तो ट्रक की गहन तलाशी ली गई। सड़े-गले सेब के बोरों को हटाने के बाद नीचे विदेशी शराब के कार्टन छिपाकर रखे मिले। शराब को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में आसानी से पकड़ में न आए। इसके बाद पूरे ट्रक की सघन जांच की गई और बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।

__ 597 कार्टन में मिली 5,301 लीटर शराब
जांच में कुल 597 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा 5,301 लीटर बताई गई है। उत्पाद विभाग के मुताबिक बरामद शराब चंडीगढ़ निर्मित है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि शराब की खेप चंडीगढ़ से पूर्णिया पहुंचाई जानी थी। इस खुलासे के बाद उत्पाद विभाग की टीम तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है।यह कार्रवाई चेक पोस्ट प्रभारी सह मद्यनिषेध निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान मद्यनिषेध निरीक्षक संतोष कुमार पाठक और अवर निरीक्षक मद्यनिषेध प्रिंस कुमार भी मौजूद रहे। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि शराब की खेप कहां से रवाना हुई थी और पूर्णिया में इसे किसके हवाले किया जाना था।

