एसबीआई का सीएसपी दिलाने का झांसा देकर युवक से 40,800 रुपये की साइबर ठगी

एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने डुमरांव के एक युवक से 40 हजार 800 रुपये ठग लिए। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने डुमरांव थाने में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई और रकम वापस कराने की गुहार लगाई है। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसबीआई का सीएसपी दिलाने का झांसा देकर युवक से 40,800 रुपये की साइबर ठगी

__ रजिस्ट्रेशन, फाइल और बैंक खाता खोलने के नाम पर तीन किश्तों में वसूली रकम; और पैसे मांगने पर खुली ठगी की पोल, डुमरांव थाने में शिकायत

केटी न्यूज/डुमरांव :

एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने डुमरांव के एक युवक से 40 हजार 800 रुपये ठग लिए। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने डुमरांव थाने में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई और रकम वापस कराने की गुहार लगाई है। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।पीड़ित डुमरांव टेढ़ी बाजार निवासी राजू कुमार केशरी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि खगौल के दाउदपुर निवासी बताए जा रहे प्रिंस यादव नामक व्यक्ति ने एसबीआई का सीएसपी दिलाने का भरोसा दिया था। सीएसपी की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर आरोपित ने अलग-अलग मदों में उससे रकम की मांग की। पीड़ित ने उसके झांसे में आकर तीन किश्तों में कुल 40,800 रुपये दे दिए।

आवेदन के अनुसार, रजिस्ट्रेशन के नाम पर तीन हजार रुपये, फाइल तैयार करने के नाम पर 12,800 रुपये तथा बैंक खाता खोलने के नाम पर 25 हजार रुपये लिए गए। रकम बैंक ऑफ बड़ौदा के खाता संख्या 79948100004738 में जमा कराई गई। इसके बाद भी आरोपित की मांग खत्म नहीं हुई और वह लगातार और रुपये देने का दबाव बनाने लगा।लगातार पैसों की मांग होने पर राजू को संदेह हुआ कि वह साइबर ठगी के जाल में फंस चुका है। इसके बाद उसने और रुपये देने से इनकार कर दिया। इस पर आरोपित ने कथित तौर पर कहा कि अब उसे सीएसपी नहीं मिलेगा। ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।राजू केशरी का कहना है कि एक तरफ उसे सीएसपी नहीं मिला, वहीं दूसरी ओर उसकी मेहनत की कमाई भी चली गई। घटना के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान है।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।