डुमरांव के सभी शिवालयों में गूजेंगे हर-हर महादेव के जयकारे

महाशिवरात्रि का पावन पर्व बुधवार को श्रद्धा, भक्ति व आस्था के साथ बड़े ही धूमधाम से मनाया जायेगा। डुमरांव के सभी शिवालय बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाये गये हैं। जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालु अहले सुबह से ही मंदिरों में पहुंचने लगेंगे। मंदिरों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गये हैं।

डुमरांव के सभी शिवालयों में गूजेंगे हर-हर महादेव के जयकारे

- आयोजकों ने पूरी की तैयारी, पुलिस-प्रशासन भी रहेगा मुस्तैद

केटी न्यूज/डुमरांव 

महाशिवरात्रि का पावन पर्व बुधवार को श्रद्धा, भक्ति व आस्था के साथ बड़े ही धूमधाम से मनाया जायेगा। डुमरांव के सभी शिवालय बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाये गये हैं। जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालु अहले सुबह से ही मंदिरों में पहुंचने लगेंगे। मंदिरों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गये हैं।

जंगलीनाथ महादेव मंदिर, महरौरा शिव मंदिर, महाकाल मंदिर, लंगटु महादेव मंदिर, शहीद पार्क शिव मंदिर, छठिया पोखरा शिव मंदिर के अलावे अन्य शिवालयों को महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिव मंदिर बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया गया है,

जहां श्रद्धालु पूरे भक्ति-भाव के साथ भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती की आराधना करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था की गयी है। शिवालयों के आसपास फूल, बेलपत्र व पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गयी हैं।

आचार्य आदित्य तिवारी जी महाराज ने बताया कि महाशिवरात्रि भगवान भोलेनाथ के व्रत पूजन के लिए अत्यंत पुण्यदायक होता है। श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य एवं सुविधा के अनुसार जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं महामृत्युंजय का जप, दर्शन पूजन के साथ-साथ रात्रि जागरण करते हुए पर्व मनाते हैं।

’ डुमरांव महाकाल मंदिर में होगा शिव विवाह

शहर के चर्चित महाकाल मंदिर में वैवाहिक गीत व भजनों के बीच भगवान शिव और माता पार्वती की शादी होगी। मंदिर में बड़े ही आकर्षक ढंग से फूलों का मंडप बनाया गया है। मंदिर को रंग-बिरंगे बल्बों के साथ अन्य साज-सजावट के सामानों से सजाया गया हैं। मंदिर के आयोजनकर्ता राजेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले कई वर्षों से शिव-पार्वती विवाहोत्सव और हरिकीर्तन का आयोजन होता है। तत्पश्चात महाभण्डारे का भी प्रसाद लोगों के बीच वितरण किया जाता हैं।

’ महरौरा व कचइनियां में लगता है भव्य मेला

सिद्धपीठ के नाम से मशहूर महरौरा शिव मंदिर व कचइनियां गांव से बाहर विनोवा वन में स्थित कंचनेश्वर धाम में भव्य मेला का आयोजन होता हैं। यहां दूर-दूर से लोग माथा टेकने व दर्शन-पूजन करने के लिए पहुंचते हैं। इन मंदिरों में हर साल महाशिवरात्रि के दिन भव्य मेले का आयोजन किया जाता हैं, जहां श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ती है।

इस दौरान लोग जमकर मेले का लुफ्त उठाते है। मेले के लिए आयोजकों ने अपनी तैयारी पूरी कर ली हैं। यहां महिला व पुरुष पुलिस बल के जवानों की सुबह से ही तैनाती रहती हैं।

’ शुभ मुहूर्त में करें भगवान भोलेनाथ की पूजा

आचार्य के अनुसार महाशिवरात्रि की तिथि 26 फरवरी को सुबह 11 बजकर 08 मिनट पर शुरू हो रही है और तिथि का समापन 27 फरवरी को सुबह 08 बजकर 54 मिनट पर होगा। ऐसे में महाशिवरात्रि का महापर्व 26 फरवरी को मनाया जाएगा। साथ ही इसी दिन महाकुंभ का आखिरी स्नान होगा। 27 फरवरी को सुबह 06 बजकर 48 मिनट से 08 बजकर 54 मिनट तक व्रत का पारण किया जा सकता है।

महाशिवरात्रि पर भद्रा का साया 26 फरवरी को सुबह 11 बजकर 03 मिनट से रात 10 बजकर 17 मिनट तक भद्रा का साया है। शास्त्रों के अनुसार पाताल लोक की भद्रा पृथ्वी पर असर नहीं डालता है। ऐसे में महाशिवरात्रि के दिन किसी भी समय महादेव की पूजा की जा सकती है।