डुमरांव में युवाओं के लिए नौकरी का मौका, खेल अनुदेशक के दो पदों पर आवेदन आमंत्रित
डुमरांव प्रखंड के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। शिक्षा विभाग ने शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक के रिक्त पदों पर बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस नियुक्ति अभियान के तहत डुमरांव प्रखंड नियोजन इकाई में दो पदों पर चयन किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव प्रखंड के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। शिक्षा विभाग ने शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक के रिक्त पदों पर बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस नियुक्ति अभियान के तहत डुमरांव प्रखंड नियोजन इकाई में दो पदों पर चयन किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।प्रखंड के प्रभारी बीईओ सुधांशु कुमार ने बताया कि यह नियुक्ति प्रक्रिया पटना उच्च न्यायालय के आदेश तथा शिक्षा विभाग के निर्देशों के आलोक में प्रारंभ की गई है।

भर्ती में पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों को मौका दिया जा रहा है। विभाग की ओर से जारी सफल अभ्यर्थियों की सूची के आधार पर स्थानीय स्तर पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवारों को 26 अप्रैल तक अपना आवेदन हर हाल में जमा करना होगा। आवेदन प्रखंड संसाधन केंद्र, डुमरांव में स्वीकार किए जा रहे हैं। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम दिन की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन जमा करने की सलाह दी गई है।

भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। आवेदन पत्र प्राप्त करने, अभिलेखों की जांच तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में कर्मियों की तैनाती की गई है। शैलेन्द्र पांडेय और मो. सनौवर अंसारी आवेदन संग्रह और दस्तावेज सत्यापन का कार्य संभाल रहे हैं।स्थानीय युवाओं का कहना है कि लंबे समय बाद क्षेत्र में इस तरह की भर्ती निकली है, जिससे बेरोजगार युवाओं को राहत मिलेगी। साथ ही विद्यालयों में खेलकूद और स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। माना जा रहा है कि इस नियुक्ति से न सिर्फ युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि स्कूलों में शारीरिक शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

