मिठाई कांड: दूसरे दिन भी प्रजापति मिष्ठान्न भंडार पहुंची प्रशासनिक टीम, सैंपल जांच पर टिकी कार्रवाई
अरियांव गांव में मिठाई खाने के बाद एक ही कुनबे के नौ लोगों के बीमार पड़ने की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को भी डुमरांव के राजगढ़ चौक स्थित प्रजापति मिष्ठान्न भंडार में प्रशासनिक टीम ने दस्तक दी।
- जांच रिपोर्ट आने तक बंद रहेगा दुकान का शटर, जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच का एसडीएम ने दिया संकेत
केटी न्यूज/डुमरांव।
अरियांव गांव में मिठाई खाने के बाद एक ही कुनबे के नौ लोगों के बीमार पड़ने की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को भी डुमरांव के राजगढ़ चौक स्थित प्रजापति मिष्ठान्न भंडार में प्रशासनिक टीम ने दस्तक दी। दुकान पहले से सील है, लेकिन मिठाई की गुणवत्ता और घटना के वास्तविक कारणों की जांच को लेकर अधिकारियों की सक्रियता जारी रही।

टीम ने दुकान में मौजूद विभिन्न मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की।शुक्रवार को फूड इंस्पेक्टर जयप्रकाश गौतम, सीओ ब्रजेश कुमार द्विवेदी, नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी राजीव कुमार तथा डुमरांव थाने की पुलिस टीम दुकान पर पहुंची। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और रखरखाव से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। टीम द्वारा अलग-अलग मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की बात कही गई है। अब इन नमूनों की प्रयोगशाला जांच से ही यह तस्वीर साफ होगी कि मिठाई में किसी प्रकार की मिलावट, खराबी अथवा अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी समस्या थी या नहीं।

__ जांच रिपोर्ट तक नहीं खुलेगा दुकान
एसडीएम राजीव कुमार ने स्पष्ट किया कि मिठाई के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने तक प्रजापति मिष्ठान्न भंडार बंद रहेगा। प्रशासन इस मामले में किसी भी तरह की जल्दबाजी के बजाय जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि घटना में नौ लोगों के बीमार पड़ने की सूचना के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन गंभीर है।

जिलेभर में होगी खाद्य पदार्थों की जांच
एसडीएम ने कहा कि इस घटना को केवल एक दुकान तक सीमित नहीं रखा जाएगा। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान चलाया जाएगा। मिठाई दुकानों समेत अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और आवश्यक मानकों के अनुपालन की जांच की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।गौरतलब है

कि बुधवार की शाम प्रजापति मिष्ठान्न भंडार से खरीदी गई मिठाई गुरुवार की सुबह अरियांव गांव में परिवार और पट्टीदारों के बीच बांटी गई थी। इसके बाद नौ लोगों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सभी में उल्टी-दस्त जैसे लक्षण पाए गए थे। घटना के बाद प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया था। अब दूसरे दिन भी हुई जांच और लिए गए सैंपल के बाद लोगों की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि जिम्मेदारी किसकी बनती है और आगे क्या कार्रवाई होगी।
