बिजली विभाग की लापरवाही ने ली एक और जान, धारा प्रवाहित तार की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत

राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आए एक नीम के पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि ग्रामीणों ने विभागीय उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

बिजली विभाग की लापरवाही ने ली एक और जान, धारा प्रवाहित तार की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत

__ नीम के पेड़ में दौड़ रहा था हाईटेंशन करंट, महीनों से जर्जर तार की शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई; ग्रामीणों में आक्रोश

केटी न्यूज/राजपुर

राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आए एक नीम के पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि ग्रामीणों ने विभागीय उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।मृतक की पहचान डिहरी गांव निवासी गोपाल राम के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभालता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संदीप गांव में निर्माण कार्य कर रहा था।

भीषण गर्मी और तेज धूप से राहत पाने के लिए वह पास स्थित एक नीम के पेड़ की छांव में गया। इसी दौरान उसका शरीर पेड़ से सट गया और वह अचानक करंट की चपेट में आ गया।बताया जाता है कि पेड़ की एक डाल ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से स्पर्श कर रही थी। इसके कारण पूरे पेड़ में करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही संदीप ने पेड़ का सहारा लिया, तेज झटका लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे चौसा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि हाईटेंशन लाइन का तार लंबे समय से जर्जर अवस्था में लटक रहा था और पेड़ की डालियों से सटा हुआ था। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लाइन की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई कर दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं मृतक के पिता गोपाल Ram ने थाना में लिखित आवेदन देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है। घटना के बाद गांव में विभागीय लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।