भोजपुर सड़क हादसे में जख्मी वृद्ध महिला की मौत

भोजपुर जिले में एक सड़क हादसे में घायल वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार की मध्य रात्रि को उन्होंने अपने घर पर दम तोड़ दिया।

भोजपुर सड़क हादसे में जख्मी वृद्ध महिला की मौत

केटी न्यूज/ भोजपुर 

भोजपुर जिले में एक सड़क हादसे में घायल वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार की मध्य रात्रि को उन्होंने अपने घर पर दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान धनगाई थाना क्षेत्र के कुसहा टोला निवासी भिखारी चौधरी की 60 वर्षीय पत्नी सुरती देवी के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार की शाम सुरती देवी अपने गांव में शौच के लिए जा रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक बेलगाम ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन तुरंत उन्हें आरा सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। पटना में इलाज के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ, और दो दिन बाद उन्हें घर वापस लाना पड़ा। इलाज के दौरान शुक्रवार की मध्य रात्रि को सुरती देवी की मृत्यु हो गई।

मृतका के पति भिखारी चौधरी ने स्थानीय थाना को घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सुरती देवी के परिवार में तीन पुत्रियां (मूली, इंदु, बिंदा) और दो पुत्र (फूनी और दिलीप) हैं। इस घटना से मृतका के परिवार में भारी मातम छाया हुआ है और उनके परिजन गहरे सदमे में हैं।