अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, थानों को मिला एक्शन का अल्टीमेटम
अनुमंडल क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने की, जिसमें विभिन्न थानों के थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।

__ लंबित मामलों के निपटारे, वारंटियों की गिरफ्तारी और शराब तस्करी पर विशेष फोकस; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
केटी न्यूज/डुमरांव
अनुमंडल क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने की, जिसमें विभिन्न थानों के थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान एसडीपीओ ने साफ शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर किसी भी स्तर की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित कांड न केवल न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं, बल्कि पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करते हैं। इसलिए ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए।

समीक्षा के दौरान वारंटियों की गिरफ्तारी को भी प्रमुख मुद्दा बनाया गया। एसडीपीओ ने निर्देश दिया कि फरार अभियुक्तों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून से बचने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार दबाव बनाए रखना जरूरी है, तभी अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।बैठक में शराब तस्करी, चोरी, लूट और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबार और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहनी चाहिए, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।

एसडीपीओ ने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों का विश्वास जीतना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। यदि किसी क्षेत्र में कोई संवेदनशील मामला सामने आता है तो उस पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, सीआई अरविंद कुमार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार, ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता, सतर्कता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

