राजस्व कर्मियों की हड़ताल जारी, कार्य ठप होने से निराश लौटे ग्रामीण

गुरूवार को भी राजस्व कर्मियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहा। जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार मार्च से जारी इस हड़ताल के कारण भूमि संबंधित कार्यों के साथ-साथ आरटीपीएस की सेवाएं भी पूरी तरह ठप हो गई हैं।

राजस्व कर्मियों की हड़ताल जारी, कार्य ठप होने से निराश लौटे ग्रामीण

केटी न्यूज/चौसा

गुरूवार को भी राजस्व कर्मियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहा। जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार मार्च से जारी इस हड़ताल के कारण भूमि संबंधित कार्यों के साथ-साथ आरटीपीएस की सेवाएं भी पूरी तरह ठप हो गई हैं।

बक्सर जिले सहित पूरे राज्य में दाखिल-खारिज, खसरा-खतियान, भूमि मापी, रसीद कटवाने जैसे जरूरी कार्य रुके हुए हैं। इससे किसानों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही है। जमीन की खरीद-बिक्री पर भी असर पड़ा है क्योंकि दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। वहीं, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले छात्र-युवाओं को भी समस्या हो रही है, जिससे वे विभिन्न योजनाओं और नौकरियों के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

हड़ताली कर्मियों की मांग है कि वेतन विसंगति को दूर किया जाए, सेवा स्थायी की जाए और उन्हें राजस्व उप निरीक्षक (राजस्व कर्मचारी) का दर्जा दिया जाए। सरकार से कई दौर की वार्ता के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है।

प्रभावित लोगों ने सरकार से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि राजस्व कार्य सुचारू रूप से चालू हो सकें। अगर हड़ताल लंबी खिंचती है, तो इससे प्रशासनिक और आर्थिक गतिविधियों पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।