इकलौते कमाने वाले की सड़क हादसे में मौत, तीन साल की मासूम बची; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राजपुर थाना क्षेत्र के बसही गांव निवासी 32 वर्षीय दामोदर शर्मा की शनिवार सुबह रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई।

केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के बसही गांव निवासी 32 वर्षीय दामोदर शर्मा की शनिवार सुबह रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, दामोदर शर्मा शनिवार सुबह करीब नौ बजे किसी काम से परसथुआ जा रहे थे। इसी दौरान गंगवलिया वन के समीप सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई।

मौत की खबर बसही गांव पहुंचते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। दामोदर अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और वेल्डिंग का काम कर पत्नी, मां और छोटी बेटी का पालन-पोषण करते थे। उनके पिता का निधन पहले ही हो चुका था, जिसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी।करीब चार वर्ष पूर्व उनकी शादी परसथुआ थाना क्षेत्र के कथराई गांव निवासी आरती देवी से हुई थी। पीछे पत्नी, तीन वर्षीय बेटी और वृद्ध मां धनराजो कुंवर का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि अब इस परिवार का सहारा कौन बनेगा।घटना की सूचना पर अकबरपुर मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह, समाजसेवी कृष्णकांत चौहान और राकेश सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए प्रशासन से सरकारी सहायता दिलाने की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

