बक्सर नियोजन मेले में 585 युवाओं को मिली नौकरी की सौगात, 26 कंपनियों ने दिए 1000 से अधिक रोजगार के अवसर

जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में बुधवार को संयुक्त श्रम भवन परिसर में आयोजित एक दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर लेकर आया। मेले में निजी क्षेत्र की 26 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और 1000 से अधिक रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

बक्सर नियोजन मेले में 585 युवाओं को मिली नौकरी की सौगात, 26 कंपनियों ने दिए 1000 से अधिक रोजगार के अवसर

__ 1274 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण, 366 युवाओं को मिला करियर मार्गदर्शन, पहली बार तीन स्थानीय स्टार्टअप को भी मिला मंच

केटी न्यूज/बक्सर 

जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में बुधवार को संयुक्त श्रम भवन परिसर में आयोजित एक दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर लेकर आया। मेले में निजी क्षेत्र की 26 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और 1000 से अधिक रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। पहले चरण में 1274 अभ्यर्थियों के बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें से 585 युवाओं का ऑन-द-स्पॉट चयन किया गया, जबकि 366 अभ्यर्थियों को करियर एवं व्यवसायिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला, जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी, श्रम अधीक्षक संजय कुमार तथा जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

रोजगार के साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, डीआरसीसी तथा आरएसईटीआई के चार मार्गदर्शन स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों पर युवाओं को विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और उद्यमिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई।इस बार के नियोजन मेले की खास बात यह रही कि पहली बार बक्सर जिले के तीन स्थानीय स्टार्टअप—खाना मखाना, खुशुबु रेडिमेड और बॉम्बे आयल मिल—को भी अपने उत्पादों और सेवाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल उपलब्ध कराया गया। इससे स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही युवाओं में स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की पहल पर प्रत्येक जिले में "नियोजक आपके द्वार" कार्यक्रम के तहत रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने करियर विकल्पों को सीमित न रखें। उन्होंने कहा कि नौकरी की शुरुआत में कार्यकुशलता, प्रशिक्षण और सीखने की इच्छा सफलता की सबसे बड़ी कुंजी होती है।कार्यक्रम के दौरान कुशल युवा कार्यक्रम से प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं के बीच प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इसके बाद अतिथियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर कंपनियों के प्रतिनिधियों से रिक्तियों और कार्यस्थलों की जानकारी ली। इस अवसर पर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ जिला नियोजनालय एवं कौशल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मी भी मौजूद रहे।