सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है अभियान बसेरा -2 - डीएम

जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने शुक्रवार को अभियान बसेरा-2 के तहत शिविर लगा भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा समाहरणालय परिसर सभाकक्ष में वितरित किया।

सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है अभियान बसेरा -2 - डीएम

- डीएम ने समाहरणालय में शिविर लगा 168 परिवारों को दिया पर्चा, पर्चा पा खुश नजर आए भूमिहीन

केटी न्यूज/बक्सर

जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने शुक्रवार को अभियान बसेरा-2 के तहत शिविर लगा भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा समाहरणालय परिसर सभाकक्ष में वितरित किया। इस दौरान डीएम ने बक्सर सदर अंचल, डुमरांव, राजपुर एवं ब्रह्मपुर के कुल 63 भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा का वितरण किया गया। इस मौके पर डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि अभियान बसेरा-2 सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता में सम्मिलित है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत पात्र लाभुकों को ज्यादा से ज्यादा बासगीत पर्चा उपलब्ध कराया जाना है। इसके लिए सभी अचंलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने अंचल में पर्चाधारियों को चिन्हित कर उन्हें बासगीत पर्चा दें तथा उक्त जमीन पर उनका दखल कब्जा भी करवाए।

सभी भूमिहीनों को देना है पर्चा

डीएम ने कहा कि अभियान बसेरा -2 के तहत जिले के सभी पंचायतों के भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा देना है। इसके लिए कई महीनों से तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शेष भूमिहीनों को भी जल्दी ही पर्चा दिया जाएगा। इसके लिए अंचलों से रिपोर्ट मांगी गई है। डीएम ने कहा कि किसी भी भूमिहीन को छोड़ा नहीं जाएगा।

डीएम के निर्देश पर वरीय अधिकारियों व सीओ ने बांटा पर्चा

इस शिविर में जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में बक्सर जिले के विभिन्न अंचलों में प्रखंड के वरीय पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों द्वारा वासगीत पर्चा वितरण किया गया। मिली जानकारी के अनुसार बक्सर अंचल में 18, इटाढी अंचल में 37, चौसा अंचल में शून्य, राजपुर अंचल में 15, डुमरांव अंचल में 14, सिमरी अंचल में 8, चक्की अंचल में 19, ब्रह्मपुर अंचल में 13, नावानगर अंचल में 11, चौगाई अंचल में 19 एवं केसठ अंचल में 14 समेत कुल 168 वासगीत पर्चा का वितरण किया गया। इस दौरान डीएम ने सभी अंचलों से यह रिपोर्ट भी मांगी है कि अभी कितने भूमिहीन शेष रह गए है। उन्हें भी बासगीत पर्चा दिया जाएगा।

केसठ में कैंप लगा भूमिहीन परिवारों दिया गया बासगीत पर्चा

केटी न्यूज/केसठ

प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय में शुक्रवार को डीएम के निर्देश पर एसपीजीआरओ कृष्ण कुमार व सीओ व अभिषेक गर्ग के द्वारा भूमिहीन कुल 14 परिवारों को बासगीत पर्चा दिया गया। सीओ ने बताया कि रामपुर पंचायत के रघुनाथपुर में 11 और कतिकनार में कुल 3 भूमिहीन परिवार को बासगीत पर्चा दिया गया। उन्होंने कहा की नीतू कुमारी, बिंदु देवी, उर्मिला देवी समेत कुल 14 परिवारों भूमिहीन परिवारों को घर बनाने के लिए बासगीत पर्चा दिया गया।

जमीन उपलब्ध हो जाने के बाद जल्द ही उन्हें घर बनाने के लिए राशि मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को रहने के लिए आवास जरूरी है। इसी दिशा में हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जिन लोगों के पास घर बनाने के लिए भूमि नहीं है, वैसे लोगों को चिन्हित कर भूमि उपलब्ध कराया जा रहा है। वही उन्होंने कहा की वैसे लाभुक जिनका प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम है, लेकिन उनके पास घर बनाने के लिए भूमि नहीं है उनके लिए भी सरकारी स्तर से जमीन उपलब्ध कराया जाएगा।