बक्सर समाहरणालय परिसर में मतदाता जागरूकता अभियान का किया गया आयोजन

बक्सर जिला प्रशासन ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर मतदाताओं में जागरूकता जगाने का एक नया और रचनात्मक प्रयास किया। शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित पार्क रंग-बिरंगे लोकतांत्रिक संदेशों से सजा नजर आया, जब आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अपनी कला के माध्यम से मतदाता जागरूकता का आह्वान किया।

बक्सर समाहरणालय परिसर में मतदाता जागरूकता अभियान का किया गया आयोजन

-- रंगोली से लोकतंत्र का संदेश, शपथ से बढ़ा जनभागीदारी का उत्साह

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर जिला प्रशासन ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर मतदाताओं में जागरूकता जगाने का एक नया और रचनात्मक प्रयास किया। शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित पार्क रंग-बिरंगे लोकतांत्रिक संदेशों से सजा नजर आया, जब आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अपनी कला के माध्यम से मतदाता जागरूकता का आह्वान किया।

कार्यक्रम के तहत आकर्षक रंगोलियों में न सिर्फ रंग बिखरे, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती और महिला सशक्तिकरण का स्पष्ट संदेश भी उभरा। “सशक्त नारी, मजबूत लोकतंत्र”, “पहले मतदान, फिर जलपान” और “मतदान है नारी का अधिकार” जैसे स्लोगन लोगों को मतदान की अहमियत याद दिलाते रहे। यह पहल न केवल चुनावी माहौल को सकारात्मक ऊर्जा से भर रही है बल्कि महिला शक्ति की भूमिका को भी प्रमुखता से सामने ला रही है।

-- अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह स्वयं कार्यक्रम में पहुंचे और रंगोलियों का अवलोकन किया। उनके साथ उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव राकेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे। सभी ने प्रतिभागियों की मेहनत और सृजनशीलता की सराहना करते हुए इसे लोकतंत्र को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।

-- लोकतांत्रिक संकल्प के साथ लिया गया शपथ

कार्यक्रम की खास बात रही शपथ ग्रहण। जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने उपस्थित अधिकारियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं व सहायिकाओं को यह शपथ दिलाई कि वे निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस मौके पर पूरा परिसर लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने के संकल्प से गूंज उठा।

-- आने वाले दिनों में होंगे और आयोजन

जिलाधिकारी ने बताया कि सिर्फ रंगोली या शपथ तक ही अभियान सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में नुक्कड़ नाटक, खेल प्रतियोगिता और प्रभात फेरी जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को मतदान महोत्सव में शामिल करना है। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक समाज को सशक्त बनाने की जिम्मेदारी है।

-- लोकतांत्रिक पर्व की तैयारी

बक्सर प्रशासन की इस पहल ने साबित कर दिया कि जागरूकता केवल भाषणों से नहीं, बल्कि कला और संस्कृति से भी लोगों तक गहराई से पहुंचाई जा सकती है। रंगोली की खूबसूरती और शपथ का सामूहिक संकल्प आने वाले चुनाव में अधिक से अधिक मतदान को प्रेरित करेगा। यह आयोजन बक्सर के लिए न सिर्फ एक सांस्कृतिक क्षण था बल्कि लोकतांत्रिक चेतना का भी उत्सव बन गया।