मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
राजपुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गांव की एक 35 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गांव की एक 35 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता तियरा गांव की निवासी है। उसकी शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण वह इन दिनों अपने मायके में रह रही थी। इसी परिस्थिति का फायदा उठाकर गांव के ही दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

परिजनों को घटना की जानकारी होने के बाद उन्होंने तत्काल राजपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए प्राथमिकी दर्ज की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्येंद्र पासवान और विजय पासवान के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, ताकि वैज्ञानिक और चिकित्सीय साक्ष्यों के आधार पर मामले को मजबूत बनाया जा सके। पुलिस साक्ष्य संकलन के साथ आगे की जांच में जुटी है।घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कमजोर और असहाय महिलाओं के साथ होने वाली ऐसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा और मामले की सुनवाई में मजबूत पैरवी की जाएगी।

