मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का डुमरांव में भव्य नागरिक अभिनंदन

बिहार सरकार के योजना एवं आवास विभाग के मंत्री सह जगदीशपुर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के मंत्री बनने के बाद पहली बार डुमरांव आगमन पर रविवार को भव्य नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनडीए के सैकड़ों कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इसे एक बड़े राजनीतिक एवं सामाजिक आयोजन का रूप दे दिया।

मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का डुमरांव में भव्य नागरिक अभिनंदन

__  मंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे डुमरांव, विकास योजनाओं और जनभागीदारी पर दिया जोर

केटी न्यूज/डुमरांव

बिहार सरकार के योजना एवं आवास विभाग के मंत्री सह जगदीशपुर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के मंत्री बनने के बाद पहली बार डुमरांव आगमन पर रविवार को भव्य नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनडीए के सैकड़ों कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इसे एक बड़े राजनीतिक एवं सामाजिक आयोजन का रूप दे दिया।समारोह स्थल पर पहुंचते ही मंत्री का फूल-मालाओं, अंगवस्त्र और गमछा पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर भी कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू नेता श्रीकांत सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने किया।

इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।अपने संबोधन में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बिहार में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।मंत्री ने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास के बिना विकास की गति को आगे बढ़ाना संभव नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

साथ ही कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।समारोह के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया है। वक्ताओं ने शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया।कार्यक्रम में मौजूद योजना विभाग के अधिकारियों ने भी क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने बताया कि कई विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर निगरानी की जा रही है।

इस अवसर पर जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अजय चंद लोदी, नगर अध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता, अयोध्या केशरी, नथुनी खरवार, लालजी चौधरी, लक्ष्मण चौधरी, संत गोंड, लक्ष्मण कुशवाहा, नंदलाल कुशवाहा, विशोका चंद, संजय सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजेश कुशवाहा और संतोष चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने आयोजन समिति और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास को विकास के माध्यम से और मजबूत बनाया जाएगा। नागरिक अभिनंदन समारोह ने न केवल कार्यकर्ताओं के उत्साह को प्रदर्शित किया, बल्कि क्षेत्र में विकास और जनसरोकारों को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को भी रेखांकित किया।