महाशिवरात्रि पर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में चाक-चौबंद तैयारी

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में व्यापक प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी साहिला ने मंदिर परिसर का संयुक्त निरीक्षण करते हुए विधि-व्यवस्था संधारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

महाशिवरात्रि पर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में चाक-चौबंद तैयारी

-- जिलाधिकारी साहिला ने संयुक्त ब्रीफिंग कर दिए कड़े निर्देश, सुरक्षा से लेकर सफाई तक की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में व्यापक प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी साहिला ने मंदिर परिसर का संयुक्त निरीक्षण करते हुए विधि-व्यवस्था संधारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार को निर्देश दिया कि दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति स्थल पर सुनिश्चित की जाए और उनकी नियमित उपस्थिति की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

-- सुरक्षा और बैरिकेटिंग पर विशेष जोर

मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के लिए समुचित बैरिकेटिंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत ब्रह्मपुर एवं थानाध्यक्ष को संयुक्त रूप से पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण कर आवश्यक स्थानों पर तत्काल बैरिकेटिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुव्यवस्थित कतार में दर्शन कर सकें और प्रवेश व निकासी मार्ग स्पष्ट एवं सुरक्षित रहें।अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव को संयुक्त रूप से कार्य योजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन का दायित्व सौंपा गया। उन्हें निर्देशित किया गया कि महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या से ही स्थल पर उपस्थित रहकर संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी करें तथा सुरक्षित निकासी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें।

-- स्वच्छता, रोशनी और सीसीटीवी की व्यवस्था

जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत ब्रह्मपुर को मंदिर परिसर की व्यापक साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान परिसर में स्वच्छता बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि महिला श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

-- स्वास्थ्य और आपात सेवा की तैयारी

महाशिवरात्रि के अवसर पर संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दो मेडिकल टीम तैनात करने का निर्देश दिया गया है। एक मेडिकल टीम मंदिर परिसर के अंदर तथा दूसरी परिसर के बाहर रहेगी। इसके साथ ही एक एंबुलेंस की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

-- तालाब और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

अंचल अधिकारी ब्रह्मपुर को मंदिर परिसर के समीप स्थित तालाब में नाव और नाविक की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल बक्सर को मंदिर के आसपास फैले विद्युत तारों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी ब्रह्मपुर, अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत ब्रह्मपुर, थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे श्रद्धा एवं आस्था के साथ भगवान शिव के दर्शन कर सकें।