गश्ती के दौरान मुरार पुलिस को बड़ी सफलता, संदिग्ध बाइक से चोरी का पंप सेट बरामद
मुरार थाना पुलिस ने नियमित गश्ती अभियान के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक चोरी का वाटर पंप सेट और इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।
केटी न्यूज/चौगाई
मुरार थाना पुलिस ने नियमित गश्ती अभियान के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक चोरी का वाटर पंप सेट और इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरार थाना की पुलिस टीम क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान गिरिधर बरांव से पूरब जाने वाली सड़क पर एक बाइक पर तीन युवक संदिग्ध अवस्था में एक भारी सामान लेकर जाते दिखाई दिए।

पुलिस टीम को शक होने पर जब रुकने का संकेत दिया गया तो तीनों युवक भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और कुछ ही दूरी पर तीनों को दबोच लिया।तलाशी लेने पर उनके पास से एक वाटर पंप सेट बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान युवक पंप सेट से संबंधित कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने पंप सेट और बाइक संख्या बीआर 44 डब्ल्यू 8798 को जब्त कर लिया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मड़ियां गांव निवासी राहुल कुमार (20 वर्ष), पिता मनोज कुमार सिंह, नंदलाल कुमार (22 वर्ष), पिता नारद सिंह तथा सोनू कुमार (25 वर्ष), पिता दशरथ महतो के रूप में की गई है। तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पंप सेट किस स्थान से चोरी किया गया था और आरोपित इसे कहां बेचने या खपाने की योजना बना रहे थे। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। चोरी, लूट या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

