कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बूचा उपाध्याय का निधन, जनसेवा और संगठन को अपूरणीय क्षति

बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी बूचा उपाध्याय के आकस्मिक निधन से जिले के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को डुमरांव में आयोजित शोक सभा में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बूचा उपाध्याय का निधन, जनसेवा और संगठन को अपूरणीय क्षति

केटी न्यूज/डुमरांव

बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी बूचा उपाध्याय के आकस्मिक निधन से जिले के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को डुमरांव में आयोजित शोक सभा में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। वक्ताओं ने बूचा उपाध्याय के लंबे सार्वजनिक जीवन और संगठन के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस की विचारधारा और जनसेवा को आगे बढ़ाने का कार्य किया।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि बूचा उपाध्याय संगठन की अमूल्य धरोहर थे। उनका सरल व्यक्तित्व, कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार और संगठन के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. प्रमोद ओझा ने उन्हें कर्मठ एवं समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष और सेवा भाव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बना रहेगा।जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि बूचा उपाध्याय किसानों, गरीबों और वंचितों की आवाज थे। वहीं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विनोद कुशवाहा ने कहा कि उनका मार्गदर्शन और स्नेह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

शोक सभा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय कुमार दुबे, भोला ओझा, रोहित उपाध्याय, जयराम राम, वीरेंद्र राम, कपिलमुनि यादव, अभय मिश्रा, श्रीकृष्ण बिहारी चौबे, प्रदेश प्रतिनिधि विनय सिंह, सिमरी प्रखंड अध्यक्ष अजय ओझा, चक्की प्रखंड अध्यक्ष भरत यादव, महिला कांग्रेस की रूनी देवी, कुमकुम देवी, पुष्पा कुमारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।