हरियाणा के व्यवसायी से 15 लाख का गबन करने वाला कोरानसराय से गिरफ्तार

हरियाणा के व्यवसायी से 15 लाख का गबन करने वाला कोरानसराय से गिरफ्तार

- मोबाईल सर्विलांस के आधार पर पकड़ने आई थी हरियाणा साइबर क्राइम की पुलिस टीम

केटी न्यूज/डुमरांव

हरियाणा के एक व्यवसायी को चावल देने के नाम पर खाते में 15 लाख मंगा उक्त राशि के गबन के आरोपी को सोमवार को हरियाणा पुलिस स्थानीय के सहयोग से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। गिरफ्तार गबन का आरोपी नावानगर के विजय साहू का पुत्र दुर्गेश साहू है।

हरियाणा पुलिस ने बताया कि वह पिछले साल अक्टूबर महीने में हरियाणा के यमुनानगर थाना क्षेत्र के मॉडल कॉलोनी निवासी व्यवसायी पंकज दावर से चावल देने के नाम पर एसबीआई कोरानसराय के अपने खातें में 15 लाख रूपए मंगवा लिए। लेकिन चावल नहीं दिया। व्यवसायी के तगादा करने पर वह फर्जी बिल भेज उसे आश्वासन दिया था।

लेकिन कुछ दिनों के बाद अपना मोबाईल भी बंद कर लिया। जिसके बाद व्यवसायी ने हरियाणा के यमुनानगर थाने में दुर्गेश पर गबन का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करा दिया। इस मामले की जांच में जुटी वहां की स्थानीय साइबर क्राइम की टीम को मोबाईल सर्विलांस के आधार पर उसे कोरानसराय में होने की जानकारी हुई। 

तब एएसआई लज्जर राम व विशाल कुमार के नेतृत्व में हरियाणा से कोरानसराय आई पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया। उस पर नावानगर थाने में भी ठगी के मामले दर्ज है।

नावानगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि वह कई लोगों का लाखों रूपए ठग चुका है। फिलहाल वह फरार चल रहा था तथा कोरानसराय में पहचान छिपा रहता था। लेकिन आखिरकार हरियाणा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जबकि कोरानसराय थानाध्यक्ष अभय सिंह ने उसके गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे हरियाणा पुलिस अपने साथ ले गई।