सिमरी में चोरी से बिजली जलाने वाले आटा चक्की संचालक पर दो लाख के जुर्माने के साथ एफआईआर दर्ज
सिमरी प्रखंड में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत विद्युत विभाग ने एक कमर्शियल उपभोक्ता पर बड़ी कार्रवाई कर यह साफ संदेश दे दिया है कि अब तकनीकी हेराफेरी बर्दाश्त नहीं होगी। कोरानसराय सहायक विद्युत अभियंता अर्जुन वर्मा के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने हलवापट्टी गांव स्थित एक आटा चक्की औद्योगिक परिसर में छापेमारी कर बिजली चोरी के पुख्ता सबूत पकड़े।
केटी न्यूज/डुमरांव
सिमरी प्रखंड में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत विद्युत विभाग ने एक कमर्शियल उपभोक्ता पर बड़ी कार्रवाई कर यह साफ संदेश दे दिया है कि अब तकनीकी हेराफेरी बर्दाश्त नहीं होगी। कोरानसराय सहायक विद्युत अभियंता अर्जुन वर्मा के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने हलवापट्टी गांव स्थित एक आटा चक्की औद्योगिक परिसर में छापेमारी कर बिजली चोरी के पुख्ता सबूत पकड़े।जांच के दौरान टीम ने पाया कि परिसर में स्थापित इंडक्शन मोटर के साथ अतिरिक्त तार जोड़कर मीटर की वास्तविक रीडिंग को प्रभावित किया जा रहा था।

इस सुनियोजित तकनीकी छेड़छाड़ के जरिए लंबे समय से विद्युत ऊर्जा की चोरी की जा रही थी, जिससे न सिर्फ विभाग को राजस्व का नुकसान हो रहा था, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी अप्रत्यक्ष आर्थिक बोझ बढ़ रहा था।मामले में उपभोक्ता श्री भगवान चौहान, पिता लाल मोहर चौहान, के स्वामित्व वाले औद्योगिक परिसर को दोषी पाते हुए बिजली अधिनियम के तहत 2,01,796 रुपये का भारी भरकम अर्थदंड लगाया गया। कार्रवाई यहीं नहीं रुकी—मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरी थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। जांच टीम में मानवल सुशील कुमार, मुलायम यादव, ओम प्रकाश राय और शिवजी यादव शामिल थे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया को नियमों के अनुसार अंजाम दिया।

विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि सार्वजनिक संसाधनों के साथ धोखाधड़ी है। इससे वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है और घाटे की भरपाई अंततः सामान्य उपभोक्ताओं से की जाती है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में औद्योगिक और कमर्शियल प्रतिष्ठानों की जांच और तेज की जाएगी, खासकर उन इलाकों में जहां खपत और बिलिंग के आंकड़ों में असामान्य अंतर पाया जा रहा है।अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें और किसी भी तरह की तकनीकी छेड़छाड़ से बचें। विभाग ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में दोषी पाए जाने पर और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई सिमरी में बिजली चोरी के खिलाफ एक कड़ा संदेश बनकर सामने आई है।

