पटरी पर मिला अज्ञात बुजुर्ग का शव, पहचान में जुटी पुलिस
दानापुर–डीडीयू रेलखंड पर गुरुवार को एक अज्ञात बुजुर्ग का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना डुमरांव रेलवे स्टेशन से पश्चिम दिशा में उपकारी ब्रह्म स्थान के समीप अप लाइन के पोल संख्या 646/9 और 11 के बीच की है। स्थानीय लोगों ने सुबह ट्रैक पर शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
केटी न्यूज/डुमरांव
दानापुर–डीडीयू रेलखंड पर गुरुवार को एक अज्ञात बुजुर्ग का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना डुमरांव रेलवे स्टेशन से पश्चिम दिशा में उपकारी ब्रह्म स्थान के समीप अप लाइन के पोल संख्या 646/9 और 11 के बीच की है। स्थानीय लोगों ने सुबह ट्रैक पर शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही डुमरांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटकर मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटनास्थल पर रेल यात्री कल्याण समिति के सदस्य राजीव रंजन सिंह भी पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। मृतक की उम्र लगभग 65 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना भेज दी है और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को इस संबंध में कोई जानकारी हो तो पुलिस को अवश्य सूचित करें।फिलहाल, अज्ञात शव की पहचान और घटना के कारणों को लेकर जांच जारी है।

