23 सितंबर को निकलेगी भगवान वामन की भव्य रथयात्रा, तैयारियों को लेकर बनी रणनीति

वामन द्वादशी के अवसर पर 23 सितंबर को आयोजित होने वाली भगवान वामन की पारंपरिक रथयात्रा को लेकर सोमवार को शहर के चरित्रवन स्थित श्री त्रिदंडी स्वामी महाराज के समाधि स्थल पर भगवान वामन चेतना मंच की बैठक आयोजित की गई।

23 सितंबर को निकलेगी भगवान वामन की भव्य रथयात्रा, तैयारियों को लेकर बनी रणनीति

केटी न्यूज/बक्सर :

वामन द्वादशी के अवसर पर 23 सितंबर को आयोजित होने वाली भगवान वामन की पारंपरिक रथयात्रा को लेकर सोमवार को शहर के चरित्रवन स्थित श्री त्रिदंडी स्वामी महाराज के समाधि स्थल पर भगवान वामन चेतना मंच की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का वितरण किया गया।बैठक की अध्यक्षता मंच के जिलाध्यक्ष अभिषेक ओझा ने की, जबकि संचालन प्रमोद चौबे ने किया। इस दौरान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से आयोजन के लिए प्रमुख पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया और विभिन्न समितियों का गठन कर उन्हें अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।

साथ ही अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।बैठक में बताया गया कि वामन द्वादशी के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए बक्सर पहुंचेंगे। इसी अवसर पर भगवान वामन की भव्य रथयात्रा रामरेखा घाट स्थित रामेश्वरनाथ मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ होगी। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यह यात्रा सोमेश्वर स्थान स्थित भगवान वामनेश्वर धाम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रात्रि में भजन-कीर्तन का भी आयोजन होगा। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक में दयानंद उपाध्याय, रिंकू पांडेय, आशुतोष मिश्र, अखिलेश पांडेय, अवधेश चौबे, अजय चौबे, नागेश पांडेय सहित मंच के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।