सिंडिकेट में मौत बनकर गिरा बिजली का तार, किसान की गई जान
नगर थाना क्षेत्र के सिंडिकेट इलाके में बुधवार की अहले सुबह बिजली विभाग की लापरवाही एक किसान की जिंदगी पर भारी पड़ गई। मुख्य सड़क पर गिरे बिजली के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से 60 वर्षीय फुलेश्वर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।


__ सुबह टहलने निकले 60 वर्षीय फुलेश्वर यादव करंट की चपेट में आए, आक्रोशित लोगों ने शव रखकर मुख्य मार्ग किया जाम
केटी न्यूज/बक्सर
नगर थाना क्षेत्र के सिंडिकेट इलाके में बुधवार की अहले सुबह बिजली विभाग की लापरवाही एक किसान की जिंदगी पर भारी पड़ गई। मुख्य सड़क पर गिरे बिजली के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से 60 वर्षीय फुलेश्वर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।मृतक की पहचान बुधनपुरवा मोहल्ला, वार्ड संख्या 34 निवासी फुलेश्वर यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह बुधवार की सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सिंडिकेट स्थित मुख्य सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गए। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण वह वहीं गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। लोगों की मांग थी कि मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मियों पर कार्रवाई हो।जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में जर्जर और खुले बिजली तार लंबे समय से खतरा बने हुए हैं। समय रहते तारों की मरम्मत नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।लोगों ने बिजली व्यवस्था की जांच, जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है, जबकि इलाके में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है।

