‎बगेन गोला बाजार में युवक पर हमला, दो राउंड फायरिंग से दहशत

‎बगेन गोला थाना क्षेत्र के बाजार में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक पर हमला और फायरिंग की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना में घायल युवक ने आठ नामजद समेत करीब दस अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाने में आवेदन दिया है। पूरे प्रकरण का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

‎बगेन गोला बाजार में युवक पर हमला, दो राउंड फायरिंग से दहशत

‎केटी न्यूज/डुमरांव 

‎बगेन गोला थाना क्षेत्र के बाजार में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक पर हमला और फायरिंग की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना में घायल युवक ने आठ नामजद समेत करीब दस अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाने में आवेदन दिया है। पूरे प्रकरण का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि मामला छात्रों के बीच पहले से चल रहे आपसी विवाद से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरुहा गांव निवासी 19 वर्षीय मुकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि वह गोला बाजार में मौजूद था, तभी तीन-चार मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसे जबरन ले जाने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडे से उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया।

‎‎पीड़ित के अनुसार, इस दौरान नितीश यादव उर्फ निरहू ने पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से उस पर दो राउंड फायरिंग की। घटना के बाद मौके से एक मैगजीन भी बरामद होने की बात सामने आई है। हमलावर घटना के बाद तीन मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए, जिनके नंबर भी पीड़ित द्वारा पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। आवेदन में मुकेश कुमार ने सन्देश यादव, अमित कुमार, रितेश कुमार, नितीश यादव उर्फ निरहू, रितेश यादव, अंजान यादव, गोलू यादव और रामू यादव उर्फ सूर्या सहित अन्य लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उसने यह भी बताया कि करीब दस दिन पूर्व भी एक आरोपित ने उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। थानाध्यक्ष अभय शंकर सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।