ओझा बरांव में घर से लापता युवक का नहर से बरामद हुआ शव, मचा कोहराम
मुरार थाना क्षेत्र के ओझाबरांव में रविदास मंदिर के समीप नहर से पुलिस ने एक 30 वर्षीय युवक का शव बरामद किया है। युवक की पहचान स्थानीय गांव निवासी राज बहादुर राम पिता स्व. इंद्रदेव राम के रूप में हुई है।


-- मंगलवार की शाम से ही था लापता, गांव में हो रही है कई तरह की चर्चाएं, प्रभारी एसडीपीओ व एफएसएल टीम ने लिया घटना स्थल का जायजा
केटी न्यूज/चौगाईं
मुरार थाना क्षेत्र के ओझाबरांव में रविदास मंदिर के समीप नहर से पुलिस ने एक 30 वर्षीय युवक का शव बरामद किया है। युवक की पहचान स्थानीय गांव निवासी राज बहादुर राम पिता स्व. इंद्रदेव राम के रूप में हुई है।परिजनों ने बताया कि वह मंगलवार की शाम घर से टहलने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला। वहीं, बुधवार की सुबह उसका शव नहर में उतराया मिला।इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मुरार पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में ले जरूरी कागजी प्रक्रिया व पंचनाम कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक पांच भाईयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी हो गई थी तथा उसके दो बच्चे भी है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी सुनीता देवी घटना के बाद से ही बेसुध हो गई है। यही हाल उसके बच्चों का भी था।घटना के बाद से गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों ने थाने में किसी तरह का आवेदन नहीं दिया है। वहीं, आशंका जताई जा रही है कि शौचादि के दौरान पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया होगा तथा गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई होगी।

वहीं, घटना की सूचना पर मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, डुमरांव के सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार तथा डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह मौके पर पहुंच घटना की जांच की। इस दौरान एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था। डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्यटया यह हादसा लग रहा है। परिजनों ने भी किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है। वैसे पुलिस कई बिंदुओं पर इसकी जांच कर रही है।

