कार्रवाई: 129 लीटर विदेशी शराब के साथ एक गिरफ्तार, दूसरा फरार, कार जब्त
डुमरांव पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब से लदी एक कार को पकड़ा है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में कार चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठा भागने में सफल रहा।

-- गुप्त सूचना पर टेढ़की पुल-रजडीहा मार्ग पर पुलिस को मिली सफलता, फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब से लदी एक कार को पकड़ा है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में कार चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठा भागने में सफल रहा। हालांकि, पुलिस ने उसे चिन्हित कर लिया है तथा उसे गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव निवासी जितेन्द्र कुमार यादव पिता स्व. कामेश्वर यादव के रूप में हुई है। जबकि फरार तस्कर डुमरांव थाना क्षेत्र के पीड़िया गांव निवासी भजन यादव पिता महेश यादव है। मिली जानकारी के अनुसार डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा को शुक्रवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि रजडीहा की तरफ शराब की एक बड़ी खेप जाने वाली है।

इस सूचना पर थानाध्यक्ष ने रात में ही एक टीम को टेढ़की पुल-रजडीहा मार्ग पर तैनात कर दिया था। जैसे ही टेढ़की पुल की तरफ से जेएच 02एपी 7500 नंबर की एक कार आती दिखाई दी तो पुलिस टीम ने उसे रूकने का इशारा किया। इस दौरान चलती कार से एक युवक उतरकर तेजी से खेत की तरफ भाग निकला। इधर पुलिस टीम ने कार को चारों तरफ से घेर लिया तथा चालक को हिरासत में ले जब तलाशी ली तो कार के अंदर से 8पीएम ब्रांड विदेशी शराब के 180 एमएल का कुल 15 कॉर्टन शराब जिसका कुल वजन 129.60 था, मिला। इसके बाद पुलिस टीम चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही कार को जब्त कर थाने लाई।

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कार चालक सह तस्कर के निशानदेही पर दूसरे तस्कर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब तस्करी के इस खेल में शामिल अन्य लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्दी ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार किया जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार चालक व फरार तस्कर के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

