बि-सैप गेस्ट हाउस का जर्जर गेट भरभराकर गिरा, ड्यूटी पर तैनात सिपाही जख्मी

डुमरांव के हरियाणा फार्म स्थित बि-सैप परिसर में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब गेस्ट हाउस का भारी-भरकम मुख्य गेट अचानक भरभराकर गिर पड़ा। गेट की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात बि-सैप के सिपाही ओम प्रकाश ठाकुर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

बि-सैप गेस्ट हाउस का जर्जर गेट भरभराकर गिरा, ड्यूटी पर तैनात सिपाही जख्मी

__ बि-सैप गेस्ट हाउस का जर्जर गेट भरभराकर गिरा, ड्यूटी पर तैनात सिपाही जख्मी

__ हरियाणा फार्म परिसर में हादसे के बाद जवानों की सुरक्षा पर उठे सवाल, कुछ दिन पहले प्रशिक्षु जवान की हुई थी मौत

केटी न्यूज/डुमरांव। 

डुमरांव के हरियाणा फार्म स्थित बि-सैप परिसर में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब गेस्ट हाउस का भारी-भरकम मुख्य गेट अचानक भरभराकर गिर पड़ा। गेट की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात बि-सैप के सिपाही ओम प्रकाश ठाकुर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद साथी जवानों ने आनन-फानन में उन्हें डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा था।बताया जाता है कि गेस्ट हाउस का मुख्य गेट काफी पुराना और जर्जर हालत में था। शनिवार को ड्यूटी के दौरान अचानक गेट का संतुलन बिगड़ गया और वह सिपाही के ऊपर जा गिरा। हादसे में उनके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद परिसर में मौजूद जवानों के बीच भी हड़कंप मच गया।

एमपीटीसी के कमांडेंट शैषव यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सिपाही को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।इस हादसे ने बि-सैप परिसर में जवानों की सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर भवनों व संरचनाओं के रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले इसी परिसर में एक प्रशिक्षु जवान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से परिसर में सुरक्षा मानकों की समीक्षा और जर्जर संरचनाओं की जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।