बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ नया मामला दर्ज

भारतीय जनता पार्टी के कैसरगंज संसदीय सीट से मौजूदा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एक मामला दर्ज हो गया है।

बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ नया मामला दर्ज
Brij Bhushan Sharan Singh

केटी न्यूज़/उत्तर प्रदेश

भारतीय जनता पार्टी के कैसरगंज संसदीय सीट से मौजूदा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एक मामला दर्ज हो गया है।बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आज आदर्श चुनाव आचार संहिता व निषेधाज्ञा के उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस मामलें की जानकारी दी।

नेहा शर्मा जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बृजभूषण शरण सिंह ने सक्षम प्राधिकारी से अनुमति के बिना एक दर्जन से अधिक वाहनों के काफिले  के साथ 12 अप्रैल को अपने निर्वाचन क्षेत्र में जनसंपर्क किया था। 

DM नेहा शर्मा ने बताया कि इस सम्बंध में कटरा बाजार के फ्लाइंग स्क्वायड टीम  के प्रभारी व पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नजमुल इस्लाम द्वारा भारतीय दंड विधान की धारा 188 व 171 एच के तहत अभियोग दर्ज कराया गया।वर्तमान में आसन्न लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत धारा 144 लागू होने के कारण उनका यह कृत्य कानून का उल्लंघन है। 

शिकायत में कहा गया है कि लोकसभा क्षेत्र कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह द्वारा 12 अप्रैल 2024 को सुबह 10:30 बजे से  थाना खरगूपुर क्षेत्र में कटरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मल्लापुर, गोपाल बाग, भोलाजोत, गोकरन शिवाला, भटपी, भवनियापुर, देवरिया कला, पिपरा भोधर, सुसगंवा, असिधा, लहदोवा, राजाजोत, अनंतपुर, चौराभारी, नौवागांव में करीब 25-30 गाड़ियों के काफिले के साथ जनसम्पर्क किया गया।