तेज रफ्तार ने ली एक और जान: एनएच-922 पर ट्रक की भीषण टक्कर, चालक की मौत, खलासी गंभीर
बक्सर-पटना एन एच 922 पर औद्योगिक थाना क्षेत्र के कथकौली लड़ाई मैदान गेट के पास मंगलवार की अहले सुबह तेज रफ्तार की सड़क दुर्घटना एक बार फिर मौत का सबब बन गई। सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुए इस भीषण हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक गूंजे जोरदार धमाके से आसपास के गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।

केटी न्यूज/बक्सर

स्थानीय लोगों के अनुसार, कोहरे और तेज रफ्तार की वजह से दृश्यता कम थी। इसी बीच पटना की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक सामने चल रही बालू लदी ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे वाली ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया और अगला हिस्सा कबाड़ में तब्दील हो गया। हादसा इतना भयावह था कि चालक और खलासी केबिन में बुरी तरह फंस गए।
सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के निवासी जगदीश भेल पिता–छावा लाल भेल के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल खलासी का इलाज अस्पताल में जारी है।पुलिस ने घटना स्थल से दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।