नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म कांड में मुख्य आरोपित शिक्षक अरविंद गिरफ्तार

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग पूर्व छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मुख्य आरोपित शिक्षक अरविंद कुमार को ब्रह्मपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले के तीसरे आरोपित शिक्षक बिरेन्द्र प्रसाद की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म कांड में मुख्य आरोपित शिक्षक अरविंद गिरफ्तार

__ प्रधानाध्यापक के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा दूसरा आरोपित, तीसरे आरोपी बिरेन्द्र की तलाश में लगातार छापेमारी

केटी न्यूज/डुमरांव

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग पूर्व छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मुख्य आरोपित शिक्षक अरविंद कुमार को ब्रह्मपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले के तीसरे आरोपित शिक्षक बिरेन्द्र प्रसाद की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। इस मामले में स्कूल के प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली अंसारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एक के बाद एक दो आरोपितों की गिरफ्तारी से मामले की जांच को अहम गति मिली है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपित शिक्षकों ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आवेदन में घटना जनवरी 2026 की बतायी गयी है। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गयी।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया था। गुरुवार की रात भी फरार चल रहे शिक्षकों के संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम ने लगातार दबिश दी। इसी अभियान के दौरान अरविंद कुमार को ब्रह्मपुर से गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस अब बिरेन्द्र प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर छापेमारी कर रही है।इधर, मुख्य आरोपित शिक्षक की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पीड़िता के परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिजनों को उम्मीद है कि पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और मामले में शामिल सभी आरोपित कानून के शिकंजे में आएंगे। घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भी आक्रोश है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ सभी आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और दोष सिद्ध होने पर कठोर सजा देने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।