शिक्षिका हत्याकांड: मां का फूटा गुस्सा बोली बीमार पिता को बेटी कराना चाहती थी गोदान बेटे व बहू कर रहे थे विरोध न मानी तो मार दी गोली ,दर्ज कराया एफआईआर, एक गिरफ्तार

शिक्षिका हत्याकांड: मां का फूटा गुस्सा बोली बीमार पिता को बेटी कराना चाहती थी गोदान बेटे व बहू कर रहे थे विरोध न मानी तो मार दी गोली ,दर्ज कराया एफआईआर, एक गिरफ्तार

केटी न्यूज/डुमरांव

बुधवार को अहले सुबह आथर में हुए शिक्षिका कविता देवी हत्याकांड में एफआईआर दर्ज हो गया है। मृतका की मां सोनामती देवी ने वासुदेवा ओपी में आवेदन दे अपने पुत्र सुमेर यादव उर्फ मालिक यादव व उसकी पत्नी प्रियंका देवी पर उसकी गोली मार हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि उसकी बेटी सह शिक्षिका अपने बीमार पिता के लिए गोदान करा रही थी। बुधवार को गोदान की तैयारी हो रही थी। जबकि सुमेर इसका विरोध कर रहा था। इसी बात पर भाई बहन के बीच विवाद बढ़ गया। तब उसकी पत्नी प्रियंका ने घर के अंदर रखे देशी कट्टा को निकाल अपने पति को दी और बोली कि उसे गोली मार दो। इसके बाद सुमेर ने कट्टे से गोली मार फरार हो गया।

वही उसे इलाज के लिए ले जाने के दौरान मौत हो गई। मां के बयान पर एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इस घटना की चर्चा दूसरे दिन भी आथर तथा आस पास के इलाकें में होते रही। लोग यह कह रहे थे कि जिस बहन ने उसे पिता की तरह पाला था तथा हर सुख दुख में उसका साथ दे रही थी उसी बहन को वह जरा सी बात पर मौत के घाट उतार दिया।

वही सूत्रों की मानें तो इस मामले में जमीन विवाद से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। वासुदेवा ओपी के थानाध्यक्ष विष्णुदेव कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।