नैनीजोर हत्याकांड का खुलासा, कुख्यात समेत तीन गिरफ्तार, एसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

शनिवार की रात नैनीजोर थाना क्षेत्र के गायघाट मौजा स्थित सरकारी भूखंड पर गेहूं की फसल काटने को लेकर हुए विवाद में किसान की हत्या के मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर दिया है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि इस सनसनीखेज हत्या कांड में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

नैनीजोर हत्याकांड का खुलासा, कुख्यात समेत तीन गिरफ्तार, एसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

__ सरकारी जमीन पर फसल कटनी के विवाद में हुई थी किसान की हत्या, 

__ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे में पर्दाफाश

केटी न्यूज/बक्सर

शनिवार की रात नैनीजोर थाना क्षेत्र के गायघाट मौजा स्थित सरकारी भूखंड पर गेहूं की फसल काटने को लेकर हुए विवाद में किसान की हत्या के मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर दिया है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि इस सनसनीखेज हत्या कांड में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।एसपी ने बताया कि 4 अप्रैल की रात करीब 11 बजे सरकारी जमीन पर लगी गेहूं की फसल काटने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे।इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष की ओर से की गई गोलीबारी में 58 वर्षीय किसान तारकेश्वर यादव (निवासी—वार्ड 09, यादव टोला, नैनीजोर) को गर्दन और छाती में गोली लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। त्वरित छापेमारी कर पुलिस ने कुख्यात अपराधी मनन तिवारी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अन्य आरोपितों में हार्वेस्टर मालिक राकेश कुमार उर्फ मुन्ना एवं चालक मोती शामिल हैं।एसपी शुभम आर्य ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने यह भी बताया कि इस हत्याकांड के पीछे लंबे समय से चल रहा जमीन विवाद मुख्य कारण है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटनास्थल से एक खोखा, एक जिंदा बुलेट, एक बाइक, एक हार्वेस्टर, लोहे का रॉड एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध रूप से खेती करने और उससे जुड़े विवादों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।ज्ञात हो कि नैनीजोर के गायघाट मौजा में सरकारी जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा है, जिसमें पहले भी कई हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। इस ताजा वारदात ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।