मणीपुर से भोजपुर लायी जा रही गांजे की खेप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

मणीपुर से भोजपुर लायी जा रही गांजे की खेप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

पीरो गांधी चौक के समीप रविवार की सुबह यात्री बस से जब्त की गयी गांजा

उड़ीसा और झारखंड के रास्ते ट्रेन एवं बस से लायी जा रही थी गांजे की खेप 

जमशेदपुर से आरा आ रही बस की स्लीपर में जब्त की 71 किलो गांजा 

केटी न्यूज/आरा

पीरो अनुमंडल की पुलिस ने मणीपुर से गंजा तस्करी का खुलासा करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से 71 किलो गांजा भी जब्त की गयी है। गांजे की खेप पीरो स्थित गांधी चौक के पास एक यात्री बस से जब्त की गयी है। गांजा उड़ीसा के राउरकेला और झारखंड के जमशेदपुर के रास्ते आरा ले जायी जा रही थी।

गिरफ्तार तस्करों में उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दर्शन छपरा गांव निवासी अखिलेश सिंह के पुत्र चंदन कुमार, नगर थाना क्षेत्र के रघु टोला निवासी उमेश यादव के पुत्र टुन्ना कुमार और शंभू यादव के पुत्र श्रवण कुमार यादव शामिल हैं। एसडीपीओ राहुल कुमार सिंह की ओर से रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव को ले मजिस्ट्रेट लखेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ता टीम द्वारा रविवार की सुबह पीरो के गांधी चौक के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी।

उसी क्रम में जमशेदपुर के रास्ते यात्री बस से गांजे की खेप आरा की ओर ले जाने की सूचना मिली। उस आधार पर उड़नदस्ता टीम द्वारा सिंह ट्रेवल्स नामक एक यात्री बस की जांच की गयी। उस दौरान बस की स्लीपर से 71 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तस्करों द्वारा मणीपुर से गांजा की खेप लाये जाने की बात स्वीकार की गयी है। एसडीपीओ के अनुसार तस्करों की ओर से मणीपुर से ट्रेन से गांजे की खेप उड़ीसा के राउरकेला के रास्ते झारखंड के जमशेदपुर तक लायी गयी।

उसके बाद जमशेदपुर से बस से आरा ले जायी जा रही थी। तभी सूचना मिल गयी और खेप के साथ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। तस्करों से पूरे नेटवर्क की जानकारी ली जा रही है। टीम में पीरो थाने के दारोगा मनीष कुमार और इमादपुर थाने के दारोगा बदन पासवान सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।