उर्स में उमड़ी भीड़ के बीच रेलवे ट्रैक किनारे हादसा, ट्रेन के दबाव से गिरी महिला; हाथ टूटा
चौसा में आयोजित होने वाले अल्लाह शहीद दरगाह के सालाना उर्स से पहले सोमवार को रेलवे ट्रैक के किनारे एक हादसा हो गया। दरगाह की ओर जा रही एक महिला तेज रफ्तार ट्रेन के गुजरने के दौरान बने तेज वायु दबाव की चपेट में आकर असंतुलित हो गई और गिरने से उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया।

केटी न्यूज/बक्सर :
चौसा में आयोजित होने वाले अल्लाह शहीद दरगाह के सालाना उर्स से पहले सोमवार को रेलवे ट्रैक के किनारे एक हादसा हो गया। दरगाह की ओर जा रही एक महिला तेज रफ्तार ट्रेन के गुजरने के दौरान बने तेज वायु दबाव की चपेट में आकर असंतुलित हो गई और गिरने से उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। राहत की बात यह रही कि महिला ट्रेन की चपेट में नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।घटना चौसा रेलवे स्टेशन के पूर्व स्थित 77 नंबर रेलवे केबिन के समीप हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के गुजरने के समय महिला रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल चल रही थी। इसी दौरान तेज हवा के दबाव से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौसा पहुंचाया।

घायल महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानिया निवासी 25 वर्षीय रिजवाना खातून, पति आजाद राईन के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने परिजनों एवं अन्य श्रद्धालुओं के साथ मंगलवार को आयोजित होने वाले उर्स में शामिल होने के लिए दरगाह जा रही थीं।सीएचसी चौसा के चिकित्सक डॉ. मणिपाल ने बताया कि महिला के हाथ में फ्रैक्चर पाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य होने पर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह के साथ घर भेज दिया गया।घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। उर्स में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करने अथवा उसके किनारे आवाजाही के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार ट्रेनों के गुजरने के समय सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

