घर लौटते समय हादसा: ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बक्सड़ा मोड़ के समीप रविवार की देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घर लौटते समय हादसा: ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

केटी न्यूज/बक्सर

इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बक्सड़ा मोड़ के समीप रविवार की देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार, दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी बुधु चौधरी (40) रविवार को ढलाई कार्य समाप्त करने के बाद ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान इटाढ़ी-धनसोई मुख्य मार्ग पर स्थित बक्सड़ा मोड़ के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें लगीं।

आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक की पहचान जोगिया गांव निवासी स्वर्गीय भानू चौधरी के पुत्र बुधु चौधरी के रूप में की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार पासवान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर से गिरने के कारण मौत होने की बात सामने आई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।बताया जाता है कि बुधु चौधरी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार के समक्ष आर्थिक और सामाजिक संकट भी खड़ा हो गया है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा प्रशासन से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।