स्टेट हाइवे पर सड़क हादसे में बियर फैक्ट्री के मजदूर की मौत

स्टेट हाइवे पर सड़क हादसे में बियर फैक्ट्री के मजदूर की मौत

गड़हनी थाना क्षेत्र के नहसी गांव के समीप बुधवार की देर शाम की घटना

फैक्ट्री से काम कर घर लौटने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने मजदूर को रौंदा  

केटी न्यूज/आरा

आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर गड़हनी थाना क्षेत्र के नहसी गांव के समीप बुधवार की देर शाम सड़क हादसे में बियर फैक्ट्री के एक मजदूर की मौत हो गई। फैक्ट्री से घर लौटने के दौरान किसी वाहन ने उसे कुचल दिया। उसमें गंभीर रूप से जख्मी मजदूर ने इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक गड़हनी थाना क्षेत्र के असलान गांव निवासी परशुराम सिंह के 42 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार सिंह थे।

वह चरपोखरी थाना क्षेत्र के देवढी गांव स्थित बियर फैक्ट्री में काम करते थे। उनके जीजा कामता कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार की देर शाम वह बियर फैक्ट्री से वह काम कर घर लौट रहे थे। तभी नहसी गांव के समीप पीछे से आ रहा कोई वाहन उन्हें रौंदते हुए निकल गया। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना परिजन पहुंचे और इलाज के लिए गड़हनी पीएचसी ले जाया गया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि सदर अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना टाउन थाने की पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। बताया जा

रहा है कि मजदूर मनोज कुमार सिंह के परिवार में पत्नी ललिता देवी, पुत्र ऋतिक रौशन और हिमांशु है। घटना के बाद उनके घर में कोहराम मच गया है। पत्नी और बच्चों सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।