खेत की पटवन करने निकले किसान की कुएं से मिला शव, हत्या का आरोप

खेत की पटवन करने निकले किसान की कुएं से मिला शव, हत्या का आरोप

इमादपुर थाना क्षेत्र के धोकरहा गांव की बुधवार की देर शाम की घटना 

मंगलवार रात गांव के एक व्यक्ति के साथ पटवन करने निकले थे किसान

परिजनों का आरोप: करंट लगा हत्या करने के बाद कुएं में फेंका गया शव 

शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मौत के कारणों की जांच जुटी पुलिस

एसडीपीओ बोले: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद क्लीयर होगा मौत का कारण, की जा रही छानबीन 

केटी न्यूज/आरा

इमादपुर थाना क्षेत्र धोकरहा गांव में खेत की पटवन करने निकले एक किसान की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी। उनका शव बुधवार की देर शाम गांव के बधार स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। उनकी पीठ और एक पैर में जले का निशान मिला है। एक पैर में चोट का भी निशान मिला है। मुंह, कान और से खून और पानी निकला हुआ था। मृत किसान धोकरहा गांव निवासी स्व. अभिलाख सिंह के 50 वर्षीय पुत्र उमा कांत सिंह थे।

परिजनों की ओर से साथ रहे गांव के ही एक किसान पर करंट लगाकर हत्या करने के बाद शव को कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि परिजनों द्वारा हत्या का कारण नहीं बताया जा रहा है। पुलिस शुरुआती जांच में करंट लगने के कारण मौत होने की आशंका जता रही है। इधर, सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

इधर, ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात उनके भाई उमाकांत सिंह गांव के एक व्यक्ति के साथ खेत की पटवन करने बधार में गये थे। उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। उनके साथ गए व्यक्ति द्वारा भी किसी तरह की कोई सूचना नहीं दी गई। वह बुधवार की सुबह तक भी नहीं लौटे, खोजबीन शुरू की गयी। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चल पाया।

इसी बीच बुधवार के शाम एक ग्रामीण के जरिए सूचना मिली कि उनका शव बधार में स्थित कुएं में पड़ा है। सूचना मिलने पर वे लोग पहुंचे। पुलिस भी पहुंची और शव को निकाला गया। ओम प्रकाश सिंह की ओर से खेत पटाने के लिए साथ गए व्यक्ति पर ही करंट लगाकर अपने भाई की हत्या करने और शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया गया है।

इधर, एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि एक किसान की मौत हुई है। मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वैसे करंट लगने से मौत की बात सामने आ रही है। हालांकि परिजनों की ओर से हत्या किये जाने का आरोप लगाया जा रहा है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

इधर, किसान की मौत के बाद उनके घर में रोना-धोना मचा है। बताया जाता है कि किसान अपने तीन भाई में दूसरे स्थान पर थे। उनके परिवार में पत्नी रीना देवी, पुत्री नम्रता राज, रागनी, सपना और पुत्र प्रीतम सिंह है।