खेलने निकले दो बच्चों का पोखरे से मिला शव, डूबने से दोनों की मौत

खेलने निकले दो बच्चों का पोखरे से मिला शव, डूबने से दोनों की मौत

नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ले की बुधवार की शाम की घटना

बुधवार की शाम खेलने निकले थे दोनों बच्चे, गुरुवार की सुबह मिला शव 

नहाने के दौरान पोखरे में डूबने से दोनों बच्चों की मौत की जताई जा रही आशंका 

शव का पोस्टमार्टम कराये के बाद मौत कै कारणों की छानबीन में जुटी पुलिस 

केटी न्यूज/आरा

शहर के नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड मोहल्ले से खेलने के दौरान गायब दो बच्चों का शव बरामद किया गया है। बुधवार की शाम खेलने के लिए घर से निकले बच्चों का शव गुरुवार सुबह अनाइठ स्थित पोखरे से बरामद किया गया है। दोनों की पोखरे में डूबने से मौत होने की बात कही जा रही है। मृत बच्चों में गड़हनी थाना क्षेत्र के दुबौली गांव निवासी अनिल कुमार यादव का 8 वर्षीय पुत्र आर्य कुमार और धोबहां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी संतोष साह का आठ वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार शामिल हैं।

दोनों बच्चे फिलहाल अपने परिजनों के साथ नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड में किराए के मकान में रहते थे। दोनों के परिजन आरा में व्यवसाय करते हैं। इधर, एक साथ दो बच्चों का शव मिलने से मोहल्ले में अफरातफरी मची रही। अनिल कुमार यादव ने बताया कि बुधवार की शाम दोनों बच्चे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक दोनों गायब हो गए। देर शाम तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चला।

इस बीच गुरुवार की सुबह अनाइठ स्थित मुसहर टोली के पास पोखरे में दोनों बच्चों का शव होने की सूचना मिली। उसके बाद वे लोग पहुंचे, तो देखा कि दोनों का शव पोखरे में पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों शव बाहर निकाला गया। उसके बाद पुलिस द्वारा दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बच्चों के परिजनों और पुलिस के अनुसार डूबने से दोनों बच्चों की मौत होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि खेलने के दौरान नहाने के लिए पोखरे में चले गए और डूब गए। 

आर्या दो भाइयों में बड़ा, तो सत्यम था मांझिल, दोनों के घर में रोना-धोना 

इधर, एक साथ दो बच्चों की मौत से उनके घरों में रोना-धोना और कोहराम मच गया है। वहीं मोहल्ले का माहौल गमगीन हो उठा है। बताया जा रहा है कि आर्या कुमार दो भाइयों और एक बहन में बड़ा था। उसके परिवार में मां सोनी देवी, भाई अंश और बहन आशी कुमारी है।

वहीं सत्यम कुमार दो भाई और एक बहन में दूसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां रंजीता देवी, भाई कुंदन और बहन लक्ष्मी कुमारी है। बच्चों की मौत और उनके महिलाओं की चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा।