अधेड़ महिला को संदिग्ध स्थिति में लगी गोली, हालत गंभीर

अधेड़ महिला को संदिग्ध स्थिति में लगी गोली, हालत गंभीर

केटी न्यूज/आरा

जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के उगना गांव में बुधवार की सुबह संदेहास्पद स्थिति में एक महिला को गोली लगने की घटना सामने आयी है। कहा जा रहा है कि गोली महिला की दाहिने साइड चेस्ट में लगी थी, जो आरपार हो गई थी। महिला का इलाज शहर के बाबू बाजार स्थित प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा है। हालांकि महिला के परिजन गोली लगने की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। जख्मी महिला उगना गांव निवासी 55 वर्षीया आसमा खातून है। उसकी हालत गंभीर है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार की सुबह महिला घर में बैठी थी। तभी संदेहास्पद स्थिति में उसे गोली लग गयी। 

चर्चा के अनुसार महिला का बेटे के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। उसके बाद उसे गोली मार दी गई। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसके बाद महिला को इलाज के लिए शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और छानबीन में जुट गयी। सूत्रों की मानें तो महिला के परिजनों की ओर से पुलिस को छत से गिरने और रॉड घंसने की बात कही जा रही थी। हालांकि पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है। इधर, इलाज कर रहे सर्जन डाक्टर विकास सिंह ने बताया कि अधेड़ महिला को गोली दाहिने चेस्ट में लगी थी, जो आरपार हो गई थी। गोली लगने से काफी खून बह गया था। महिला का प्राथमिक उपचार कर दिया गया और ब्लड को सिक्योर कर दिया गया है। मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है।